दीप्ति खरे
मंडला (मध्यप्रदेश)
**********************************
भीतर का रावण (विजयादशमी विशेष) ….
हर साल रीत वही दोहराते,
हर साल दशहरा आता है,
रावण का पुतला जलता है
पर रावण बच ही जाता है।
कैकेयी का मोह आज भी,
रिश्तों में दीवार उठाता है
मंथरा बनकर कोई अपना,
कानों में विष भर जाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
स्वर्ण-मृग के पीछे भागते,
आज भी मन के राम यहाँ
छल के जाल में फँसकर,
उनका सब कुछ खो जाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
सीता आज भी प्रश्नों में घिर कर,
अग्निपरीक्षा देती हैं
अपराध किसी का भी हो,
लेकिन लांछन नारी पर आता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
विभीषण सच का साथ निभाए,
तो ‘घर का भेदी’ कहलाता है,
सच कहने वाले को आज भी,
मान कहाँ मिल पाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
भरत-सा त्याग कहाँ मिलता,
अधिकारों पर अब सबकी नजर
उर्मिला-लक्ष्मण सा त्याग, समर्पण,
अब कौन यहाँ कर पाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
हनुमान-सी निष्ठा के बदले,
दिखावे का होता है सम्मान।
चापलूसी को ही अक्सर अब,
निष्ठा समझा जाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
ईर्ष्या, द्वेष, छल, कपट, अहम,
लोभ, अन्याय, क्रोध, मद, मत्सर।
रावण के इन अवगुण को भला,
कौन नष्ट कर पाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
विजयादशमी पर्व मनाते पर,
मन के विकारों पर विजय नहींं।
राम के आदर्शों पर तनिक भी,
कौन यहाँ चल पाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥
पुतला जलाकर ही क्या,
कर्तव्य पूर्ण हो जाता है?
मन के विकार अगर नष्ट न हों,
पर्व का क्या ही अर्थ रह जाता है।
रावण का पुतला जलता है,
पर रावण बच ही जाता है…॥