कुल पृष्ठ दर्शन : 20

हम कितने भोले थे

राधा गोयल
नई दिल्ली
**********************************

उम्र हुई इक्कीस की तो यौवन ने ली अंगड़ाई,
न जाने कितने युवकों ने मुझ पर आँख गड़ाई।

एक सौम्य सज्जन था जिसने मेरा हृदय चुराया,
मात-पिता ने तुमसे मेरा गठबंधन करवाया।

तेरा हाथ पकड़कर साजन अनजाने घर आई,
उस अनजाने घर में मेरी सबसे हुई मिताई।

हम दोनों ने आपस में कितनी सौगन्धें खाईं,
प्रीत की रीत निभाने को इक दुनिया नई बसाई।

राजनीति में चले गए तुम भूल गए सब वादे,
हम कितने भोले थे, समझ न पाए तेरे इरादे।

नेता से शादी करके ये भाग्य फूट जाता है,
उनके वादे कोरे हैं, वादा तो टूट जाता है।

उसका क्या जिसका दिल कतरा- कतरा हो जाता है ?
उस जालिम का क्या, वो जो कतरा के निकल जाता है ?