कुल पृष्ठ दर्शन : 1

कम खरीदो सोना-चाँदी, देश की हो चाँदी ही चाँदी

डॉ. शैलेश शुक्ला
लखनऊ (उत्तरप्रदेश)
***********************************

भारत में सोना केवल एक धातु नहीं है, वह एक भावना है, एक परंपरा है, एक भरोसा है। शादी हो तो सोना, बच्चा पैदा हो तो सोना, मुसीबत आए तो सोना। माँ, बेटी को सोना देकर विदा करती है, दादी पोती को कंगन देकर आशीर्वाद देती है। इस भावना का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि यही भावना भारत को भारत बनाती है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम इस भावना को थोड़ी समझदारी से देखें, क्योंकि यही सोना, जो हमें सुरक्षा देता है, आज देश के लिए सबसे महँगा शौक बन गया है। हम सोना पैदा नहीं करते, हम सोना खरीदते हैं। और खरीदते हैं डॉलर देकर। हर ग्राम सोना, जो हमारी तिजोरी में आता है, उसके बदले में देश के खजाने से डॉलर बाहर जाता है। वह डॉलर कभी वापस नहीं आता। वह विदेशी खदानों में चला जाता है। और हम खुश हो जाते हैं कि हमने सोना खरीद लिया, लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि इस खुशी की असली कीमत क्या है ? क्या १ तोला सोना खरीदने का मतलब केवल १ तोला सोना खरीदना है, या देश के भविष्य का एक छोटा-सा हिस्सा बाहर भेजना भी है ? यही वह सवाल है, जो आज हर भारतीय को खुद से पूछना चाहिए। कम खरीदो सोना-चाँदी, देश की होगी चाँदी ही चाँदी, यह कोई नारा नहीं है, यह एक आर्थिक सत्य है, एक देशभक्ति का नया रूप है।
  पिछले वित्त वर्ष में भारत ने लगभग ६ लाख करोड़ ₹ का सोना आयात किया। यह कोई छोटी रकम नहीं है। इससे हजारों विद्यालय, अस्पताल, सड़कें बन सकती हैं, लाखों को नौकरियाँ मिल सकती हैं, लेकिन यह रकम सोने के रूप में तिजोरियों में बंद हो गई, जहाँ वह न किसी को नौकरी देती है, न किसी का पेट भरती है, न किसी की पढ़ाई में काम आती है। और दूसरी तरफ, देश को उसी डॉलर की जरूरत होती है, जिससे हम तेल खरीदते हैं, दवा का कच्चा माल खरीदते हैं, मशीनें खरीदते हैं, तकनीक खरीदते हैं। जब डॉलर सोने में चला जाता है, तो बाकी जरूरी चीजों के लिए डॉलर महँगा हो जाता है। डॉलर महँगा होता है, तो रुपया कमजोर होता है। रुपया कमजोर होता है, तो पेट्रोल महँगा होता है, डीजल महँगा होता है, खाने का तेल महँगा होता है, दवा महँगी होती है। यानी एक तरफ हम सोना खरीदकर अमीर महसूस करते हैं, दूसरी तरफ उसी सोने की वजह से हमारी रोज की जिंदगी महँगी हो जाती है। यह ऐसा है, जैसे- हम अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार रहे हों, और वह कुल्हाड़ी भी सोने की हो। सरकार को इस स्थिति को संभालने के लिए सोने पर १५ प्रतिशत आयात शुल्क और ३ प्रतिशत जीएसटी लगाना पड़ता है, ताकि लोग थोड़ा कम खरीदें। यानी हम पहले महँगा सोना खरीदते हैं, फिर उस पर भारी कर भी देते हैं। अगर हम समझदारी से थोड़ा कम खरीद लें, तो सरकार को इतना भारी कर लगाने की जरूरत ही न पड़े। यही तो असली समझदारी है कि हम अपने फैसले से ही देश को बचा लें, किसी कानून के डर से नहीं।
   बहुत से लोग कहते हैं कि अगर सोना नहीं खरीदेंगे, तो पैसा कहाँ रखेंगे ? क्या पैसा बैंक में सड़ने दें ? यह सवाल जायज है, लेकिन इसका जवाब भी बहुत सरल है। कम खरीदो का मतलब पैसा मत रखो नहीं है, कम खरीदो का मतलब पैसा सही जगह रखो है। सोने का गहना खरीदने की जगह अगर आपने वही पैसा किसी भारतीय कंपनी में लगाया, किसी भारतीय बैंक में लगाया, किसी भारतीय स्टार्ट-अप में लगाया, तो वह पैसा देश में ही रहेगा, देश में ही घूमेगा, देश में ही बढ़ेगा। वह पैसा किसी की नौकरी बनेगा, किसी की फैक्ट्री लगेगी, किसी का नया व्यापार खुलेगा, किसी बच्चे की फीस भरी जाएगी। वह व्यापार कर देगा, उससे सड़क बनेगी, विद्यालय बनेगा, अस्पताल बनेगा। यानी आपका पैसा तिजोरी में सड़ने की बजाय देश में दौड़कर आपको ही वापस मिलेगा। सोना तिजोरी में पड़ा रहता है, चुपचाप, बेजान, लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था में लगा पैसा बोलता है, बढ़ता है, दौड़ता है, लोगों की जिंदगी बदलता है। हमारी दादी-नानी यही करती थीं। हमने उल्टा कर दिया है। हम बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेते हैं, लेकिन शादी में दिखावे के लिए २० तोला सोना खरीद लेते हैं। शादी में सोना पहनकर ४ लोग तारीफ करेंगे, ४ दिन बाद भूल जाएँगे, लेकिन बच्चों की पढ़ाई पर लगाया पैसा पूरी जिंदगी काम आएगा। सोना पहनने से नहीं, समझदारी से इस्तेमाल करने से इज्जत बढ़ती है।
  अब सोचिए, अगर हर परिवार ने इस साल सिर्फ १ तोला सोना कम खरीदा, सिर्फ १ तोला, यानी १० ग्राम, तो क्या होगा ? आज के भाव में यह लगभग १ लाख पैंतीस हजार ₹ होता है। अगर १ करोड़ परिवारों ने ऐसा किया, तो १ लाख पैंतीस हजार करोड़ ₹ के डॉलर देश में ही रह गए। यही है चाँदी ही चाँदी का असली मतलब। इसका मतलब है देश में पैसा रहेगा, तो देश चमकेगा। रुपया मजबूत होगा, तो आयात सस्ता होगा। आयात सस्ता होगा, तो महँगाई कम होगी और आपकी तनख्वाह ज्यादा लगेगी। यह एक अच्छा चक्र है, सुनहरा चक्र है, और यह चक्र शुरू होता है सिर्फ एक छोटे से फैसले से, – कम खरीदो। इसलिए अब हमें ३ छोटे नियम अपना लेने चाहिए। पहला, गहना कम खरीदिए, निवेश समझदारी से कीजिए। अगर निवेश करना ही है, तो गहना मत खरीदिए, क्योंकि गहने पर २० प्रतिशत तक निर्माण खर्च चला जाता है, जो बेचने पर वापस नहीं मिलता। इसके बजाय सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, गोल्ड ईटीएफ, डिजिटल गोल्ड देखिए। दूसरा, दिखावे के लिए मत खरीदिए। शादी में १० तोला काफी है, तो २० क्यों ? तीसरा, हर धनतेरस पर खरीदना जरूरी नहीं है। धनतेरस पर १ ग्राम चाँदी का सिक्का भी शुभ होता है। शुभकामना सोने के वजन में नहीं, मन की भावना में होती है।
इसलिए, अब समय आ गया है कि हम एक नया नारा अपनाएँ, एक नई सोच अपनाएँ, एक नई परंपरा बनाएँ। कम खरीदो सोना-चाँदी, देश की होगी चाँदी ही चाँदी। यह नारा सिर्फ सरकार का नहीं, हर घर का है। जब हम कम खरीदेंगे, तो डॉलर बचेगा। रुपया मजबूत होगा, तो देश मजबूत होगा। देश मजबूत होगा, तो हम सब मजबूत होंगे। सोना तिजोरी में रखकर हम अमीर महसूस करते हैं, लेकिन पैसा देश में लगाकर हम सच में अमीर बनते हैं। यह बदलाव छोटा दिखता है, पर इसका असर पीढ़ियों तक महसूस होगा और देश को समृद्धि देगा।