कुल पृष्ठ दर्शन : 11

You are currently viewing रंगों का मोल

रंगों का मोल

डॉ.आशा आजाद ‘कृति’
कोरबा (छत्तीसगढ़)
****************************************

कुदरत का वरदान शुभे है, जिसको कहते रंग।
अन्तर्मन को शोभित करती, लाती सदा उमंग॥

अट्ठारह इकसठ में जानें, मैक्सवेल की खोज।
शुभ वर्णों की बारीकी, खोजा उसने रोज॥

श्वेत-श्याम बस रंग प्रथम थे, नित्य रंगते चित्र।
वर्तमान में रंग अलौकिक, अब ये जीवन मित्र॥

मोनोक्रोम प्रथम था पहले, बढ़ी रंग पहचान।
मूल रंग दुनिया में छाया, सुंदर यह अभिदान॥

जनक सप्त रंगों को माना, शोभित अनुपम भाव।
रंग-बिरंगी जीवन दिखता, ऐसा पड़ा प्रभाव॥

नीरस चित्रों में अब भरती, जीवन के सब वर्ण।
चित्र भाव से कविवर कृति, सुनें सभी के कर्ण॥

नारंगी अरु पीला होता, हरा बैंगनी लाल।
रंग आसमानी अरु नीला, हिय प्रिय सभी कमाल॥

वर्ण प्राथमिक कहलाते हैं, हरा लाल शुभ सार।
नीला सह तीनों क्रम में है, इनका नव आधार॥

वर्ण द्वितीयक को हम जानें, मिश्रित क्रम का रूप।
रानी सियान है अरु नीला, सूचक रंग अनूप॥

वर्ण द्वितीयक भाग हुए दो, गर्म ठंड दो नाम।
मिश्रित रंगों से बन जाता, सुंदर चित्र सुकाम॥

गर्म रंग में लाल नारंगी, पीला अति मन भाय।
शुभे बैंगनी भी इस क्रम में, आँखों को हर्षाय॥

ठंड रंग की बात निराली, पर्ण हरा कहलाय।
शुभे आसमानी सागर पर, सुंदर वर्ण बनाय॥

भिन्न-भिन्न रंगों से धरती, धारे सुंदर वस्त्र।
वर्ण अलौकिक मन को भाए, फैला यह सर्वत्र॥

परिचय-डॉ. आशा आजाद का जन्म बाल्को (कोरबा, छत्तीसगढ़) में २० अगस्त १९७८ को हुआ है। कोरबा के मानिकपुर में ही निवासरत डॉ. आजाद को हिंदी, अंग्रेजी व छत्तीसगढ़ी भाषा का ज्ञान है। एम.टेक. (व्यवहारिक भूविज्ञान) में एवं कार्यक्षेत्र-शा.इ.वि.स्ना. महाविद्यालय (कोरबा) है। सामाजिक गतिविधि के अन्तर्गत आपकी सक्रियता लेखन में है। लेखन विधा-छंदबद्ध कविता (हिंदी , छत्तीसगढ़ी भाषा) गीत, आलेख व मुक्तक है। आपकी पुस्तक-छत्तीसगढ़ संपूर्ण दर्शन (विशाल छंदमयी साझा संकलन), आशा की अभिव्यंजना (गीत संग्रह) प्रकाशित है। बहुत-सी रचनाएँ वेब, ब्लॉग और पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। आपको छंदबद्ध कविता, आलेख, शोध-पत्र हेतु कई सम्मान-पुरस्कार मिले हैं। ‘छत्तीसगढ़ संपूर्ण दर्शन’ (१०१९ पृष्ठ का ग्रंथ) का सम्पादकीय कार्य भी डॉ. आजाद ने किया है। इस विशाल संकलन हेतु इन्हें राष्ट्रीय मानद अलंकरण, राष्ट्रीय श्रेष्ठ लेखक सम्मान, राष्ट्रीय एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान मिला है, साथ ही ‘गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड’, राष्ट्रीय बेस्ट आइकन अवार्ड व साहित्य में राष्ट्रीय बेस्ट एक्सीलेंस सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। डॉ. आजाद ने विशेष उपलब्धि में -दूरदर्शन, आकाशवाणी व शोध-पत्र हेतु सम्मान प्राप्त किया है। आपकी लेखनी का उद्देश्य-जनहित संदेशप्रद गद्य पद्य पर सृजन करना है।इनका ध्येय है कि, सृजन आधार से प्रेरित होकर हृदय भाव में परिवर्तन हो और मनुष्य नेकी की राह पर चलें। पसंदीदा हिन्दी लेखक-रामधारी सिंह ‘दिनकर’, जनकवि कोदूराम दलित जी, तुलसी दास, कबीर दास आदि को मानने वाली डॉ.आशा आजाद के लिए प्रेरणापुंज-अरुण कुमार निगम (दलित जी के पुत्र) हैं। आपका जीवन इस सार को धारण करता है कि साहित्य सृजन से यदि एक व्यक्ति भी पढ़कर लाभान्वित होता है तो, सृजन करना सार्थक है। देश और हिंदी भाषा के प्रति विचार-“हिंदी भाषा से श्रेष्ठ कोई भाषा नहीं है, यह बहुत ही सरलता से मनुष्य के हृदय में अपना स्थान बना लेती है। हिंदी भाषा की मृदुवाणी हृदय में अमृत घोल देती है। एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति की ओर प्रेम, स्नेह, अपनत्व का भाव स्वतः बना लेती है।”