डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
जीवन की यात्रा में कुछ मुलाकातें संयोग नहीं, ईश्वर की अनुकंपा होती हैं। कुछ रिश्ते समय की धूल में धुँधले अवश्य पड़ जाते हैं, किंतु हृदय के स्मृतिकोश से कभी विलुप्त नहीं होते। ऐसा ही एक अविस्मरणीय प्रसंग मेरे जीवन में २६ सितंबर २०२२ को घटित हुआ।
केंद्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय के आकस्मिक स्थानांतरण आदेश के फलस्वरूप मुझे पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पुष्प विहार, साकेत (नई दिल्ली) से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोपालपुर मिलिट्री कैंट, (गंजाम, ओडिशा) जाना पड़ा। मन में स्थानांतरण की कसक थी। कार्यभार ग्रहण करने हेतु जब मैं कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर रहा था, तभी एक परिचित स्वर ने मुझे चौंका दिया—”आप डॉ. राम कुमार झा जी हैं न ?”
मैंने आश्चर्य से पूछा, ”आप मुझे कैसे जानते हैं ?” वे मुस्कराए और बोले, ”मैं बृजेश कुमार चौबे, केंद्रीय विद्यालय गंगटोक सिक्किम में आपके साथ था। आप भूल गए, लेकिन मैं आपको देखते ही पहचान गया। वही मोटी शिखा, धार्मिक प्रवृत्ति, संस्कृतनिष्ठ हिंदी के प्रति अनुराग और दुबला-पतला व्यक्तित्व!”
मैंने गौर से देखा और सहसा बोल उठा—”अरे! आप बी.के. चौबे सर हैं!”
बस, फिर क्या था! तीस वर्षों का अंतराल क्षणभर में तिरोहित हो गया। कभी गंगटोक में साथ बिताए दिनों की स्मृतियाँ चलचित्र की भाँति आँखों के सामने सजीव हो उठीं। चौबे जी का स्थानांतरण आईआईटी कानपुर से मेरे साथ ही गोपालपुर हुआ था। सरकारी स्थानांतरण की सारी कसक आत्मीय मिलन की अपार प्रसन्नता में विलीन हो गई।
लगभग पौने २ वर्ष का यह आत्मीय सहचर्य ५ जून २०२४ को पुनः स्थानांतरण के साथ विराम पर पहुँचा। वे झाँसी चले गए और मेरा गंतव्य कोलकाता बना। फिर भौगोलिक दूरियाँ आ गईं, लेकिन हृदय की निकटता अक्षुण्ण रही।
वे मुझसे अधिक फोन करके मित्रता के रिश्ते पर समय की धूल नहीं जमने देते। वे मुझसे १ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए और ३१ जुलाई २६ को मेरी सेवानिवृत्ति पर उनका सबसे पहला शुभकामना संदेश प्राप्त हुआ।
सचमुच, कुछ मित्र जीवन में केवल साथ नहीं चलते, वे जीवन को सुंदर, सार्थक और स्मरणीय बना जाते हैं। मेरे आजीवन संस्मरणों की अमूल्य निधि में आदरणीय चौबे जी का स्थान अन्यतम है। तीस वर्षों के अंतराल पर मिला वह मित्र आज भी मेरे जीवन के आत्मीय मानसरोवर में अविस्मरणीय कमल की भाँति सुशोभित है।
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥