सरोजिनी चौधरी
जबलपुर (मध्यप्रदेश)
*************************************
अमृत की रात (शरद पूर्णिमा विशेष)….
धरती पर उतरी ये चाँदनी
उत्सव नहीं मनाना,
मौन कपाटों पर मनुष्य के
दस्तक उसे लगाना।
आज चंद्रमा चाँद नहीं वह
मन दर्पण बन आया,
जिसने अपने भीतर झाँका
उसी ने उसको पाया।
छत पर किसी के खीर पक रही
कहीं विरह की रात जगी,
कहीं प्रार्थना के दीप जल रहे
कहीं स्मृतियों की नदी बही।
ओ चाँद शरद के, मुझे बता
यह नहीं समझ में आता क्यों ?
बाहर इतना उजियारा तो
मन के बीच अँधेरा क्यों ?
उतरो कभी हृदय के भीतर
यहाँ समय ने धूल जमाई,
जहाँ हँसी ओढ़ चेहरों ने
अपनी पीड़ा स्वयं छिपाई।
मैं जानूँगी सुनो चाँद तुम
पूर्ण सफलता तब होगी,
चन्द्र-किरण से बढ़कर जब
मानवता आलोकित होगी।
संदेश अनूठा यह फैलाना,
चन्द्र-किरण के संग-संग में।
अपने बड़ों की सेवा करना,
तभी पूर्णता जीवन में॥