भोपाल (मप्र)।
कवि की इनमें संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। समीक्षक सिर्फ रचनाओं और रचनाकार की प्रशंसा ही न करें, बल्कि शिल्पगत त्रुटियों की ओर भी कवि का ध्यान आकर्षित करें।
यह बात कार्यक्रम के अध्यक्ष वरिष्ठ गीतकार मयंक श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कही, जिसका अवसर रहा नवगीत के प्रख्यात समालोचक वीरेन्द्र आस्तिक की उपस्थिति में ‘वागर्थ समूह’ द्वारा दुष्यन्त कुमार संग्रहालय (भोपाल) में कवि इन्द्रसिंह अरसेला की पुस्तक ‘मुझको जीकर देख’ और ‘मैं चुप रहा तो’ के लोकार्पण समारोह का। श्री आस्तिक ने कहा कि युवा कवि इन्द्रसिंह अरसेला के गीतों में अंतरात्मा की आवाज है। रचनाओं में दंभ कहीं नहीं दिखाई देता, बल्कि करुणा और दया का स्वर मुखर हुआ है। उनकी पुस्तकों के शीर्षक ही बहुत कुछ कहते हैं। अरसेला की रचनाएँ लोक जीवन के निकट हैं।
सारस्वत अतिथि कवि वीरेंद्र निर्झर, विशिष्ट अतिथि गीतकार कांति शुक्ला ने भी अपनी भावना व्यक्त की, वरिष्ठ कवि महेश अग्रवाल एवं प्रसिद्ध कवयित्री मधु शुक्ला ने लोकार्पित कृतियों की समीक्षा करते हुए उनके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर श्री अरसेला ने लोकार्पित संग्रहों से चुनिंदा रचनाओं का पाठ किया।
तत्पश्चात हुई कवि गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामवल्लभ आचार्य, ऋषि श्रृंगारी, राजेन्द्र गट्टानी, हरिवल्लभ शर्मा, ममता वाजपेयी और नीता सक्सेना आदि ने रचनाओं का पाठ किया। म.प्र. लेखक संघ के अध्यक्ष व्यंग्यकार श्री गट्टानी ने मुक्तक से खुशामदियों के सम्मान पर कटाक्ष करते हुए कहा-‘जिसे इस दौर के चाल-ओ-चलन का भान होता है, सफलता का सफर उसका बहुत आसान होता है, भले ही ज्ञान या विज्ञान हो बेकद्र रोजाना-खुशामद खोर का, लेकिन सदा सम्मान होता है।’