कुल पृष्ठ दर्शन : 1

दीप जलें हर द्वार पर

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

हर घर उजियारा हो (दीपावली विशेष)…

विजय पर्व दीपावली, अमर ज्योति बलिदान।
पूजन वंदन कालिका, राम विजय यश गान॥

गणपति लक्ष्मी वन्दना, दीप ज्योति आलोक।
रिद्धि सिद्धि फल यश सुखद, मिटे राग छल शोक॥

आदि शक्ति अम्बे कृपा, हरती भव का त्रास।
दुष्ट दमन कर दीजिए, जन-जन में विश्वास॥

काली करुणा रूप हैं, दुर्गा शक्ति   अपार।
खल अधर्म का अंत कर, करती   जग उद्धार॥

कालरात्रि का तेज है, भय का करे विनाश।
माँ के चरणों में मिले, निर्भयता   फल आश॥

दीप जलें हर द्वार पर, मिटे हृदय खल क्लेश।
प्रेम-सुधा बरसाइए, खुशियाँ हो   परिवेश॥

तम कितना भी घना हो, दीप न माने हार।
सत्य-साधना से खुले, जीवन शुभ सब द्वार॥

माँ काली संबल बने, संकट में  अविराम।
श्रद्धापूर्वक वन्दना, शत-शत बार  प्रणाम॥

रूप न केवल कालिका, शक्ति-जागरण मंत्र।
मन के दानव मारकर, बनें धर्म के तंत्र॥

माटी के दीपक कहें, बाँटो प्रेम प्रकाश।
भूखे को भोजन मिले, मिले मुक्ति भव आश॥

नहीं किसी से वैर हो, मिटे कपट व्यवहार।
मानवता के दीप से, आलोकित   संसार॥

माँ के चरणों में रहे, श्रद्धा का विश्वास।
सत्य-धर्म के दीप से, हो भारत   उत्कर्ष॥

आतिशबाजी मत करें, रहें प्रदूषण दूर।
तभी पूर्ण दीपावली, विजय पर्व  दस्तूर॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥