कुल पृष्ठ दर्शन : 207

You are currently viewing धरा अयोध्या प्रमुदिता

धरा अयोध्या प्रमुदिता

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

**********************************************************************

प्रभु के जय जयकार से,गूंजा पूरा देश।
रामराज्य समरस सुखी,सिया राम संदेश॥

धरा अयोध्या प्रमुदिता,हो पूजित नरेन्द्र।
खत्म हुआ वनवास अब,पधारो कौशलेन्द्र॥

शंखनाद शुभ मांगलिक,जले अयोध्या दीप।
आवाहन श्रीराम का,पहुँचे स्वयं महीप॥

मिली आज स्वाधीनता,सनातनी सम्मान।
सियाराम सुन्दर मिलन,फिर दर्शन भगवान॥

सुखद शान्ति सद्भावना,उन्नति मुख मुस्कान।
हुआ राष्ट्र फिर राममय,पूर्ण हुआ अरमान॥

आलोकित सरयू नदी,प्रमुदित प्रभु हनुमान।
आज्ञा दी पूजन धरा,सिया राम सम्मान॥

सदियों के तप त्याग बल,सफल अयोध्या आज।
मनी आज दीपावली,पूजित सन्त समाज॥

हर्षित है माँ भारती,मुक्त राम अभिराम।
विष्णुरूप रघुनाथ प्रभु,आएँ हैं निज धाम॥

सज सोलह शृङ्गार फिर,स्वागतार्थ श्रीराम।
अवधपुरी बन यामिनी,सिय रघुवर अभिराम॥

गा ‘निकुंज’ कवि काकिली,सुरभित पुष्प पराग।
शान्ति सरस सुख भंगिमा,सिय राम भक्ति अनुराग॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥

Leave a Reply