कुमारी ऋतंभरा
मुजफ्फरपुर (बिहार)
************************************
गरीब की मजबूरी भी कितनी गरीब होती है। इज्जत तो दूर, पेट की इज्जत भी नहीं रह पाती है। पढ़ाई तो नसीब ही नहीं होती, पर इसका नशा भी बड़ा नशीला होता है।
गाँव का एक छोटा-सा लड़का रोहित, पढ़ना तो बहुत चाहता था, पर पैर में चप्पल तो कभी नसीब ही नहीं हुई; कॉपी-कलम कहाँ से मिलेगी ?
पिताजी रात-दिन नशे में रहते। घर में दिन-रात मारपीट और चीख-पुकार होती। रोहित की माँ मजदूरी करके २ पैसे घर में लाती भी, तो रोहित के पिता झगड़ा करते और पत्नी की इतनी पिटाई करते, कि वह बेहोश होकर गिर जाती। छोटा रोहित माँ को संभालने लगता।
उधर, रोहित के पिता सारा पैसा लेकर शराब पीने चले जाते। नशे में धुत रोहित के पिता रोहित के मुँह में भी शराब की बोतल डालकर जबरदस्ती शराब पिलाते। नहीं पीने पर रोहित को भी मारते। थक कर रोहित ने घर छोड़ दिया। दूसरे गाँव में जाकर १ हजार ₹ में ही नौकरी करने लगा। पैर में न चप्पल, न बदन पर कपड़ा, बस शरीर में फुर्ती। चाय के ढाबे पर कभी इस टेबल से कप-प्लेट उठाना, कभी उस टेबल से। छोटा बच्चा कब प्लेट धोता, कभी कहीं नज़र बचा कर टेबल पर रखा अखबार पढ़ने लगता।
पढ़ने की तलब थी, पर गरीबी और नशेड़ी पिता के कारण अरमान कहीं चुपचाप खो चुके थे।
एक दिन धूप में कूद-कूद कर रोहित कप-प्लेट धो रहा था। कोई कहता – “चाय दो छोटू”, कोई कहता – “दो पकौड़े ला दो छोटू”, कोई कहता – “एक बिस्किट देदो छोटू”। सभी ‘छोटू-छोटू’ की आवाज़ लगाते। रोहित दौड़-दौड़ कर सबकी आवाज़ सुनकर बस इतना कहता – “आता हूँ साहब, आता हूँ।”
पैर में चप्पल नहीं होने के कारण उसके पैर भी जल रहे थे, लेकिन थोड़ी-सी भी शिकन नहीं, और न ही मनहूसियत उसके चेहरे पर। बस चंचलता बिखर रही थी काम करने की।
उसके मालिक चिल्लाकर कहते- “अरे छोटू रोहित, कहाँ मर गया ? जल्दी आओ, चाय दो साहब को।” छोटू मज़े में काम करता, गीत गुनगुनाते हुए।
आज रोहित अपने सालभर का पैसा लेकर घर को चला, पर पिता नशे से गिरते-पड़ते रोहित की तरफ दौड़े। उसे देखते ही बोले – “मेरा बेटा आ गया, पैसा ला, आज जी भर के खाऊँ-पीऊँ, आज तो धनी बन जाऊँ।”
रोहित को पिता पर बेतहाशा क्रोध आया। पिता को आधा पैसा और माँ को कुछ पैसे देकर उल्टे कदम वापस चला गया। फिर वहीं, जहाँ वह सब कुछ भूल कर काम में लग जाता।
रोहित की नज़र एक कोने में रखी टेबल पर पड़ी। चाय का कप रखकर रोहित अखबार लेकर पढ़ने बैठ गया। नशा पढ़ने का था। तभी मालिक ने आवाज़ दी – “छोटू, कहाँ मर गया ? टेबल नंबर पाँच पर चाय-बिस्किट पहुँचा।”
“जी,” टेबल पर रोहित अखबार पढ़ रहा था। वहाँ एक मास्टर साहब बैठकर चाय पी रहे थे। मास्टर साहब रोहित से बोले – “बेटा, पढ़ना चाहता है ? तो फिर चल मेरे पास, कल तुम्हारे लिए चप्पल ला दूँगा।”
कल सुबह से छोटू रोहित, मास्टर साहब की साइकिल की घंटी की आवाज़ सुनने के लिए कान सड़क पर लगाए रखे हुए था। तभी १० बजे मास्टर साहब कुछ किताब, बैग एवं चप्पल लेकर आए और बोले – “शाम को तू मेरे साथ घर चलेगा, रोहित।”
रोहित ने हाँ में सिर हिला दिया।
शाम में मास्टर साहब आए, चाय वाली दुकान में मालिक से बोले – “अब छोटू रोहित मेरे साथ मेरे घर में रहेगा। रोहित स्कूल जाएगा, पढ़ेगा और अफसर बनेगा।”
रोहित के सारे अरमान मास्टर साहब ने पूरे किए, तो रोहित मन लगाकर खूब पढ़ने लगा। एक दिन वह भी मास्टर बन गया।
गाँव के मास्टर साहब ने रोहित के पिताजी को समझाया था – नशे के कारण बड़े-बड़े घर तबाह हो गए। रोहित के सारे अरमान शराब के नशे में मर गए, पर रोहित का पढ़ने का नशा जिंदा रहा। इसी पढ़ने की ललक ने उसे एक दिन पढ़ा-लिखा, समाज का अच्छा इंसान बनाया।
शराब, गुटखा, बीड़ी, पान – कोई भी गलत नशा घर-परिवार उजाड़ देता है। परिवार बिखर जाता है। बच्चों के सारे अरमान कफ़न में दफ़न हो जाते हैं। इसलिए कभी किसी को भी नशा नहीं करना चाहिए।