कुल पृष्ठ दर्शन : 220

You are currently viewing मधुरिम हो सम्बन्ध

मधुरिम हो सम्बन्ध

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

***********************************************

मधुरिम रिश्ते नित सुखद,हैं जीवन वरदान।
अति कोमल नाजुक सतत,निर्भर नित सम्मान॥

निर्भर हो रिश्ते मधुर,त्याग शील परमार्थ।
लघुतर जीवन तब सफल,रिश्ते हो बिन स्वार्थ॥

घर-बाहर समाज हो,चाहे देश-विदेश।
आपस के व्यवहार पर,रहते रिश्ते शेष॥

रिश्ते हैं अनमोल धन,मधुरामृत उपहार।
सखा सहोदर पूत सम,जीवन का आधार॥

नीति-रीति नित प्रीति पथ,रिश्ते चले अघात।
सरल सहज औदार्यता,रिश्ते मधुर सुहात॥

पलभर दुर्लभ जिंदगी,मधुरिम हो सम्बन्ध।
वाच सुभाष सुहास जन,हों रिश्ते तटबन्ध॥

राष्ट्र तभी उन्नत शिखर,रिश्ते बिना सबूत।
शान्ति प्रेम समरस सुखी,हों पड़ोस मज़बूत॥

आकर्षण स्नेहिल हृदय,रिश्ते बिना प्रपंच।
भातृ बन्धु पशु खग सखा,बिना रखे मन रंच॥

छोटी-सी भी भूल बस,रिश्ते बने खटास।
पलभर में दुश्मन बने,भूले सभी मिठास॥

सब मिलकर खिलता ‘निकुंज’,पशु पादप खग वृन्द।
तब हो भुवि सुष्मित प्रकृति,रिश्ते सम अरविन्द॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥

Leave a Reply