कुल पृष्ठ दर्शन : 150

काव्यात्मक रामांजलि में प्रभु राम पर किया रचनाओं का पाठ

गाज़ियाबाद(उप्र)।

काव्यकुल संस्थान द्वारा ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय काव्यात्मक रामांजलि का आयोजन संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव पाण्डेय के संयोजन में किया गयाl देश-विदेश के ३० कवि-कवयित्रियों द्वारा भाव पूर्ण प्रस्तुति दी गई। भारत अफ्रीका फिलीपींस के कलमकारों से सजे काव्य समारोह में प्रभु राम और राम मंदिर विषय पर ही रचनाओं का पाठ किया गया।
इस अनूठे आयोजन में अयोध्या मथुरा काशी तीनों धार्मिक केन्द्रों के कवियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। अनुष्ठान की अध्यक्षता दिल्ली के वरिष्ठ गीतकार ओंकार त्रिपाठी ने की। उन्होंने अपने कविता पाठ में कहा-आओ शबरी के राम,तुम्हारा अभिनंदन। हे मर्यादा के धाम, तुम्हारा अभिनंदन। तंजानिया (अफ्रीका)से कवि सीए अजय गोयल को भी सराहा गया।
अध्यक्ष डॉ. पाण्डेय ने राम मंदिर पर यह गीत पढ़कर ओज का संचार किया-जो आँखों में अभिलाषा थी,उसको पंख मिलेंगे अब। उस मंदिर के शिखर-शिखर पर भगवा ध्वज फहरेंगे अब।
कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान करते हुए मंडला(मप्र) से वरिष्ठ गीतकार प्रो. (डॉ.) शरद नारायण खरे ने शानदार गीत पढ़कर मन जीत लिया-राम को मंदर बन रओ भइया,भौत बड़ी ये बात है।भुनसारो हो रओ है भइया,भौत बड़ी ये बात हैll अब तो राम की रजधानी में,फूलों की बरसात है। बिखरी हैं अब घर-घर खुशियां,मिली बड़ी सौगात है।
मनीला(फिलीपींस) की कवयित्री अनुपमा सिंह ने राम के चरित्र पर कोमल संवेदना की कविता पढ़ी,जिसे काफी सराहना मिली।
वाराणसी से देश के बड़े गीतकार डॉ. ब्रजेन्द्र नारायण द्विवेदी शैलेश की इन पंक्तियों ने वातावरण को राममय कर दिया-राम जी दशरथ नन्दन हैं,शांति के सुख के स्यंदन हैं,राम साकार ईश के रूप करते उनका वंदन हैं।
अहमदाबाद से आत्म प्रकाश कुमार,मथुरा से रबेन्द्र पाल रसिक,मेरठ से राजकुमार शर्मा राज,मुरादादाबाद से राजीव गुर्जर,अयोध्या से राजेश मिश्रा आदि की रचनाओं ने भी वातावरण राममय कर दियाl
मुम्बई से डॉ. हरिदत्त गौतम अमर ने सुन्दर गीत में कल्पना के स्वर भर दिए तो,दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रो. डॉ अंजू अग्रवाल, गाजियाबाद से डॉ. उदीशा शर्मा सहित गाजियाबाद से अशोक राठौर ने भी सस्वर कण्ठ से अपनी रामन्जली दी,जबकि अहमदाबाद से काव्यकुल संस्थान की प्रदेश अध्यक्ष नलिनी शर्मा कृष्ण ने बधाई गीत प्रस्तुत कियाl
सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. उदीसा शर्मा की वाणी वन्दना से हुआ। संयोजक ने संचालन करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply