कुल पृष्ठ दर्शन : 1

‘अज्ञेय’ की कविताओं में है आत्म संघर्ष और आधुनिक बोध की गहरी अभिव्यक्ति

इंदौर (मप्र)।

अज्ञेय प्रयोगवाद और नई कविता के प्रवर्तक रहे हैं। उनके काव्य संग्रह ‘कितनी नावों में कितनी बार’ में अज्ञेय की गहरी वैयक्तिक अनुभूतियों, आत्म-अन्वेषण और आंतरिक सत्य की खोज को स्वर मिला है। सभी कविताओं में पारंपरिक काव्य-रूढ़ियों को छोड़कर नए बिंबों, प्रतीकों और शैली का प्रयोग किया गया है। इन कविताओं में मनुष्य के अकेलेपन, जीवन की क्षणभंगुरता, आत्म-संघर्ष और आधुनिक बोध की गहरी दार्शनिक एवं मनोवैज्ञानिक अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।
    यह बातें साहित्यकार डॉ. पद्मा सिंह ने श्री मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति में कवि सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन ‘अज्ञेय’ के पुण्य स्मरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। समिति के परीक्षा मंत्री उमेश पारेख ने अज्ञेय की कविताओं में दार्शनिकता पर विस्तार से चर्चा की। दूसरे सत्र में सृजन विविधा में समिति के सभापति कवि सत्यनारायण सत्तन ने अपनी चर्चित कृति ‘मंथरा’ के प्रसंग सुनाए। कवि और लेखक दिनेश तिवारी ने जीवन यात्रा का दर्शन व्यक्त करती कविता पढ़ी। रवि खंडेलवाल ने सामाजिक विसंगति पर रचना पढ़ी। डॉ. महेश गुप्ता, तृप्ति शाह, राम आसरे पांडे, संतोष त्रिपाठी और दिलीप नीमा आदि रचनाकारों ने भी रचनाएं प्रस्तुत कीं।