कुल पृष्ठ दर्शन : 14

आराधना केवल दीप जलाना नहीं

बबिता कुमावत
सीकर (राजस्थान)
*************************************

माँ की कृपा के रंग (नवरात्रि विशेष)…

माँ की कृपा के रंग
केवल मंदिरों में नहीं मिलते,
वे उस विश्वास में उतरते हैं
जो टूटकर भी बिखरता नहीं।

कभी दुर्गा बनकर साहस जगाते हैं,
कभी लक्ष्मी बनकर संतोष सिखाते हैं
कभी सरस्वती बनकर,
अज्ञान के अँधेरों में विवेक का दीप जलाते हैं।

माँ की आराधना केवल दीप जलाना नहीं,
किसी के अँधेरे में उजाला बनना है
केवल शीश झुकाना नहीं,
अन्याय के सामने आवाज़ उठाना है।

हे माँ! मुझे इतना सामर्थ्य देना
कि किसी की पीड़ा से मुँह न मोड़ूँ,
किसी के आत्मसम्मान को ठेस न पहुँचाऊँ
और कठिन समय में भी अपनी आस्था न खोऊँ।

मेरे भीतर तुम्हारी शक्ति हो,
मेरे व्यवहार में करुणा
मेरे विचारों में पवित्रता,
और मेरे कर्मों में मानवता।

माँ, तुम्हारी कृपा का सबसे सुंदर रंग तब दिखाई दे,
जब तुम्हारे चरणों में झुके हाथ
किसी असहाय को सहारा दें।
और तुम्हारे नाम से जलाया दीप,
किसी दूसरे के जीवन में आशा बनकर उतर जाए॥