कुल पृष्ठ दर्शन : 1

मजदूर, मशीन और मर्म का मंथन

डॉ. शैलेश शुक्ला
लखनऊ (उत्तरप्रदेश)
****************************************

‘मजदूर दिवस’ विशेष….

‘मजदूर दिवस’ बीत गया—एक ऐसा दिन, जब मंचों पर श्रम की महत्ता के गीत गाए गए, भाषणों में गरीब, किसान और मजदूर वर्ग को राष्ट्र की रीढ़ बताया गया और  संवेदनाओं के शब्दों से वातावरण भर दिया गया। सरकारी सभागारों से लेकर निजी संस्थानों तक, हर जगह श्रम की गरिमा का गुणगान हुआ, तस्वीरें खिंचीं, घोषणाएँ हुईं और वादों का एक परिचित सिलसिला दोहराया गया, परंतु जैसे ही यह दिन कैलेंडर के पन्नों में सिमट गया, वही प्रश्न फिर हमारे सामने खड़ा हो गया—क्या यह सम्मान केवल १ दिन का उत्सव है, या वास्तव में उन हाथों की तकलीफों को समझने का प्रयास, जो रोज़ अपनी मेहनत से इस देश की नींव मजबूत करते हैं ?
   वास्तविकता यह है कि मंचों की चमक-दमक और जमीनी हकीकत के बीच एक गहरी खाई अब भी मौजूद है। जिन मजदूरों के नाम पर योजनाएँ बनती हैं, वे आज भी असंगठित क्षेत्र में असुरक्षित काम करने को मजबूर हैं। जिन किसानों को ‘अन्नदाता’ कहा जाता है, वे कर्ज और अनिश्चितताओं के बोझ तले दबे हैं। ऐसे में ‘मजदूर दिवस’ का यह औपचारिक उत्सव हमें आत्ममंथन के लिए विवश करता है—क्या हम सच में श्रम का सम्मान कर रहे हैं, या केवल शब्दों में उसकी प्रतिष्ठा गढ़ रहे हैं ?
आज जब हम ‘अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस’ के व्यापक संदर्भ में श्रम, उत्पादन और मानव गरिमा के प्रश्नों पर विचार करते हैं, तब यह स्पष्ट दिखाई देता है कि हम एक ऐसे ऐतिहासिक संक्रमण काल से गुजर रहे हैं जहाँ तकनीक केवल सहायक शक्ति नहीं रह गई है, बल्कि वह स्वयं निर्णयकारी और संरचनात्मक भूमिका निभाने लगी है। ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ का उदय और उसका तीव्र विस्तार इस परिवर्तन का सबसे प्रमुख संकेत है। यह परिवर्तन केवल मशीनों के परिष्कार का नहीं, बल्कि उस सोच के बदलाव का है जिसके माध्यम से मनुष्य कार्य, उत्पादकता और अपनी उपयोगिता को समझता आया है। अब तक श्रम को मानव अस्तित्व की केंद्रीय धुरी माना जाता रहा है, क्योंकि श्रम ही वह माध्यम था जिसके द्वारा व्यक्ति न केवल जीविका अर्जित करता था, बल्कि अपनी पहचान और सामाजिक प्रतिष्ठा भी निर्मित करता था, किंतु आज जब निर्णय, विश्लेषण और सृजन के क्षेत्र में भी तकनीकी हस्तक्षेप बढ़ रहा है, तब यह प्रश्न अत्यंत गंभीर हो उठता है कि क्या भविष्य में श्रम का वही नैतिक और सामाजिक महत्व बना रहेगा, या फिर हमें इसकी नई परिभाषा गढ़नी होगी।
   रोजगार के संदर्भ में यह परिवर्तन बहुआयामी है और इसके प्रभाव को केवल संख्यात्मक दृष्टि से नहीं समझा जा सकता। यह सही है, कि नई तकनीकें कुछ क्षेत्रों में नए अवसर पैदा करती हैं, लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि वे पारंपरिक कार्यों को तेजी से अप्रासंगिक बना देती हैं। आज की स्थिति में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि रोजगार का स्वरूप स्थायित्व से अस्थायित्व की ओर बढ़ रहा है। स्थायी नौकरियों का स्थान अनुबंध आधारित और असंगठित कार्य ले रहे हैं, जहाँ सुरक्षा, सामाजिक लाभ और दीर्घकालिक स्थिरता का अभाव होता है। यह स्थिति श्रमिकों के लिए केवल आर्थिक असुरक्षा ही नहीं, बल्कि मानसिक तनाव और सामाजिक अनिश्चितता का भी कारण बनती है। इसके साथ ही यह भी देखने को मिल रहा है कि उच्च कौशल वाले और तकनीकी रूप से दक्ष लोगों के लिए अवसर बढ़ रहे हैं, जबकि कम कौशल वाले श्रमिकों के लिए विकल्प सीमित होते जा रहे हैं। इस प्रकार एक ऐसा द्वंद्व उत्पन्न हो रहा है, जहाँ अवसरों का विस्तार और संकुचन एकसाथ घटित हो रहा है, तथा यह भविष्य में और अधिक तीव्र हो सकता है।
       कौशल के क्षेत्र में जो परिवर्तन हो रहा है, वह इस पूरे विमर्श का सबसे निर्णायक पक्ष है। पारंपरिक शिक्षा प्रणाली, जो एक निश्चित अवधि में ज्ञान प्रदान करने पर आधारित रही है, अब इस चुनौती के सामने अपर्याप्त सिद्ध हो रही है। आज आवश्यकता इस बात की है, कि व्यक्ति निरंतर सीखने की क्षमता विकसित करे और बदलती परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढाल सके। इसका अर्थ यह है, कि शिक्षा को एक स्थिर प्रक्रिया के रूप में नहीं, बल्कि एक सतत यात्रा के रूप में देखा जाना चाहिए। यह भी आवश्यक है, कि शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसरों तक समान पहुंच सुनिश्चित की जाए, अन्यथा समाज में एक नया वर्ग विभाजन उत्पन्न होगा, जहाँ कुछ लोग तकनीकी प्रगति के साथ आगे बढ़ेंगे और शेष पीछे छूट जाएंगे। यह विभाजन केवल आर्थिक नहीं होगा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक असमानताओं को भी गहरा करेगा, जिससे समाज में तनाव और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
     असमानता का प्रश्न इस पूरे परिवर्तन का सबसे संवेदनशील और दीर्घकालिक प्रभाव डालने वाला पहलू है। तकनीकी प्रगति के लाभ समान रूप से वितरित नहीं होते, बल्कि वे उन लोगों के हाथों में केंद्रित हो जाते हैं जिनके पास संसाधन, ज्ञान और नियंत्रण की शक्ति होती है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के संदर्भ में यह प्रवृत्ति और अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, क्योंकि इसके विकास और उपयोग में बड़ी कंपनियों और शक्तिशाली संस्थाओं की प्रमुख भूमिका होती है। इससे आय और अवसरों के बीच की खाई बढ़ने का खतरा है, जो सामाजिक असंतुलन को जन्म दे सकता है। यदि इस प्रवृत्ति को नियंत्रित नहीं किया गया, तो यह राजनीतिक और सामाजिक अस्थिरता का कारण भी बन सकता है। इसलिए आवश्यक है, कि हम तकनीकी प्रगति को केवल आर्थिक लाभ के दृष्टिकोण से न देखें, बल्कि इसके सामाजिक प्रभावों को भी गंभीरता से समझें और उन्हें संतुलित करने के उपाय खोजें।
    यह भी महत्वपूर्ण है, कि हम इस परिवर्तन के नैतिक और दार्शनिक आयामों पर विचार करें। जब मशीनें निर्णय लेने लगती हैं और मानव हस्तक्षेप कम होता जाता है, तब यह प्रश्न उठता है कि जिम्मेदारी और उत्तरदायित्व का निर्धारण कैसे होगा। यदि किसी तकनीकी प्रणाली द्वारा लिया गया निर्णय गलत सिद्ध होता है, तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी—उस प्रणाली को बनाने वाले की, उसे संचालित करने वाले की या उस समाज की; जिसने उसे स्वीकार किया है। यह प्रश्न केवल कानूनी नहीं, बल्कि नैतिक भी है और इसका उत्तर सरल नहीं है। यह भी विचारणीय है, कि क्या हम अपने निर्णयों को पूरी तरह तकनीक के हवाले कर सकते हैं, या फिर हमें मानव विवेक और संवेदना को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह संतुलन स्थापित करना आने वाले समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक होगा।
    कार्य संस्कृति में हो रहे परिवर्तन भी इस विमर्श का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। तकनीकी प्रगति ने कार्य के स्थान और समय की पारंपरिक सीमाओं को समाप्त कर दिया है। अब कार्य केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वह घर, यात्रा और व्यक्तिगत जीवन के बीच भी फैल गया है। यह स्थिति एक ओर लचीलापन प्रदान करती है, लेकिन दूसरी ओर यह कार्य और जीवन के बीच संतुलन को बिगाड़ सकती है। इसके साथ ही मानवीय संपर्क और सामूहिकता की भावना में भी कमी आ सकती है, जो कार्यस्थल के सामाजिक आयाम को प्रभावित करती है। इस संदर्भ में यह आवश्यक है कि हम कार्य संस्कृति को केवल उत्पादकता के आधार पर न आंकें, बल्कि उसमें मानवीय संबंधों और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को भी समझें।
     नीति-निर्माण के स्तर पर यह परिवर्तन एक नई सोच की मांग करता है। पारंपरिक नीतियाँ, जो स्थिर आर्थिक और सामाजिक संरचनाओं के लिए बनाई गई थीं, अब इस गतिशील और अनिश्चित वातावरण में पर्याप्त नहीं हैं। सरकारों को ऐसी नीतियाँ विकसित करनी होंगी, जो न केवल तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करें, बल्कि उसके सामाजिक प्रभावों को भी संतुलित करें। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्रों में समन्वित दृष्टिकोण अपनाना होगा। यह भी आवश्यक है कि निजी क्षेत्र और सरकार के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाए, ताकि तकनीकी प्रगति का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सके।
    इस पूरे परिदृश्य में आवश्यक है कि हम अपने मूल्यों व प्राथमिकताओं का पुनर्मूल्यांकन करें और यह तय करें कि हम किस प्रकार का समाज बनाना चाहते है।     हमें यह समझना होगा कि तकनीक हमारे लिए है, न कि हम तकनीक के लिए और  इस समझ के आधार पर ही हम एक ऐसा भविष्य निर्मित कर सकते हैं, जहाँ श्रम की गरिमा, मानवता की संवेदना और तकनीकी प्रगति के बीच संतुलन स्थापित हो सके। यदि हम इस संतुलन को साधने में सफल होते हैं, तो यह परिवर्तन एक अवसर बन सकता है; अन्यथा यह एक ऐसी चुनौती बन जाएगा जो समाज की नींव को हिला सकती है।