कुल पृष्ठ दर्शन : 3

सोशल मीडिया और हम, दूरी आवश्यक

पद्मा अग्रवाल
बैंगलोर (कर्नाटक)
*******************************************

सुखी रहना चाहते हैं तो दूसरों के जीवन की ओर झांकना बंद करिए। सुबह उठते ही सोशल मीडिया के पेज पर आपने नजर डाली तो किसी की विदेश यात्रा, किसी की शानदार उपलब्धि की फोटो देखते ही आप कुढ़ कर रह जाते हैं।
ओह संगीता! कैसा गजब ढा रही है। मैं तो सिकड़े सूती सूट में दिनभर घर के कामों में उलझी रहती हूँ। कब से इनसे कह रही हूँ कि कहीं घूमने चलिए, तो मैं भी अपना फोटो डालूँ।
कमीनी का बँगला कितना सुंदर सजा है। मनोज कितना खर्चीला है। रश्मि को डायमंड का सेट दिलवाया है, कैसे स्टेटस लगा कर खुश हो रही है।
मुग्धा ने अपने स्टेटस पर नई गाड़ी मर्सडीज डाल रखी है। जाने कहाँ से इतना पैसा फट पड़ा है।
अरे, तो आपसे किस हकीम-वैद्य ने कहा है कि आप सुबह आँख खोलते ही सबका स्टेटस देखिए ?
हम ज्यादातर दूसरों के चमकदार क्षणों को देख कर अपने जीवन की पूरी कहानी से तुलना करने लगते हैं। यही तुलना हमारे दु:ख का काऱण बन जाती है। यह तुलना हमारे अपने जीवन की तमाम उपलब्धियों के आनंद को हमसे छीन लेती है। जो हमने हासिल किया है, वह कम और छोटा लगने लगता है; और जो नहीं है वही जरूरी लगने लगता है। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है, कि आप किसी की सफलता से प्रेरित  न हों। आप अवश्य प्रेरित हों, लेकिन दूसरों के जीवन से तुलना करने न बैठें।
    सोशल मीडिया से इतना प्रभावित होने की जरूरत नहीं है। और जो आपकी उपलब्धियों से कुढ़ता है, उससे आप दूरी बना लें।
   दरअसल, सोशल मीडिया पर तुलना करने से मन में हीन भावना, तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्या बढ़ रही है। ऊपर से सोशल मीडिया की लत से समय की बर्बादी होती है। जरूरी काम पर ध्यान केंद्रित करने में मुश्किल आती है।
   सोशल मीडिया पर बिना जाँचे- परखे झूठी खबरें और अफवाहें बहुत तेजी से फैलती हैं, जिससे समाज में भ्रम फैलता है। आपसी रिश्तों मे दूरी बन जाती है।
ऑनलाइन जुड़ाव के कारण आमनेसामने वाले रिश्ते कमजोर पड़ने लगते है, जिसकी वजह से अकेलापन बढ़ता है।
ज्यादा देर सोशल मीडिया पर रहने से आपकी नींद में खलल पड़ सकता है और आँखों में भी  खिंचाव हो सकता है ।
इसलिए, सोशल मीडिया से दूरी बना कर रहना ही हर तरह से उत्तम है। हाँ, मन बहलाव के लिए हफ्ते में १ दिन अवश्य सोशल मीडिया पर नजर डाल कर अपना मनोरंजन करके खुश हो लीजिए।