डॉ.आशा आजाद ‘कृति’
कोरबा (छत्तीसगढ़)
****************************************
भक्ति, संस्कृति, और समृद्धि का प्रतीक ‘हिंदी’ (हिंदी दिवस विशेष)…
हिंदी भाषा गर्व हमारा।
हर जन को लगता है प्यारा॥
मातु भारती मधुर सुहाये।
मधुरिम भाषा मन हर्षाये॥
दसवीं ग्यारह बीच शताब्दी।
प्रारंभ क्रम मानें है हिंदी॥
भक्ति वीरगाथा को गाया।
क्रमिक शुभे पहचान बनाया॥
जन-जन बोले हिंदी भाषा।
कथन वाक्य की शुभ परिभाषा॥
भक्ति काल साहित्य पुराना।
हिंदी से ही सार तराना॥
संस्कृत से उत्पत्ति कहाये।
देवनागरी लिपि सुहाये॥
बाएँ दाएँ क्रम लेखन करते।
हिय पर हिंदी भाषा धरते॥
ध्वनि उच्चारण हिंदी शैली।
इसमें है वर्णों की थैली॥
इससे है साहित्य सुहाता।
सुन कबीर दोहा अति भाता॥
सुरमय तुलसीदास हमारे।
प्रेरक बन नित काज सँवारे॥
भरे प्रेरणा मन के अंदर।
सृजन गढ़ा जनहित में सुंदर॥
प्रेमचंद की भाषा हिंदी।
भारत माँ जस सोहें बिंदी॥
ज्ञान मनन पर गढ़े कहानी।
जिसे सुनाती सबकी नानी॥
सूरदास की हिंदी बोली।
अंतस मन के फाटक खोली॥
नेत्रहीन पर जगत जगाया।
कर्म धर्म पथ चलें सिखाया॥
अनुच्छेद में दर्जा पाया।
तीन तिरालिस शुभ कहलाया॥
खूब बढ़ा भाषा का प्रचलन।
बोली से लगता अपनापन॥
भारतीय भाषा अति भाये।
वृद्ध युवा बालक रम जाये॥
हिंदी लड़ियाँ नित्य पिरोता।
हिंदी से रिश्ते संजोता॥
परिचय-डॉ. आशा आजाद का जन्म बाल्को (कोरबा, छत्तीसगढ़) में २० अगस्त १९७८ को हुआ है। कोरबा के मानिकपुर में ही निवासरत डॉ. आजाद को हिंदी, अंग्रेजी व छत्तीसगढ़ी भाषा का ज्ञान है। एम.टेक. (व्यवहारिक भूविज्ञान) में एवं कार्यक्षेत्र-शा.इ.वि.स्ना. महाविद्यालय (कोरबा) है। सामाजिक गतिविधि के अन्तर्गत आपकी सक्रियता लेखन में है। लेखन विधा-छंदबद्ध कविता (हिंदी , छत्तीसगढ़ी भाषा) गीत, आलेख व मुक्तक है। आपकी पुस्तक-छत्तीसगढ़ संपूर्ण दर्शन (विशाल छंदमयी साझा संकलन), आशा की अभिव्यंजना (गीत संग्रह) प्रकाशित है। बहुत-सी रचनाएँ वेब, ब्लॉग और पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। आपको छंदबद्ध कविता, आलेख, शोध-पत्र हेतु कई सम्मान-पुरस्कार मिले हैं। ‘छत्तीसगढ़ संपूर्ण दर्शन’ (१०१९ पृष्ठ का ग्रंथ) का सम्पादकीय कार्य भी डॉ. आजाद ने किया है। इस विशाल संकलन हेतु इन्हें राष्ट्रीय मानद अलंकरण, राष्ट्रीय श्रेष्ठ लेखक सम्मान, राष्ट्रीय एपीजे अब्दुल कलाम सम्मान मिला है, साथ ही ‘गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड’, राष्ट्रीय बेस्ट आइकन अवार्ड व साहित्य में राष्ट्रीय बेस्ट एक्सीलेंस सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। डॉ. आजाद ने विशेष उपलब्धि में -दूरदर्शन, आकाशवाणी व शोध-पत्र हेतु सम्मान प्राप्त किया है। आपकी लेखनी का उद्देश्य-जनहित संदेशप्रद गद्य पद्य पर सृजन करना है।इनका ध्येय है कि, सृजन आधार से प्रेरित होकर हृदय भाव में परिवर्तन हो और मनुष्य नेकी की राह पर चलें। पसंदीदा हिन्दी लेखक-रामधारी सिंह ‘दिनकर’, जनकवि कोदूराम दलित जी, तुलसी दास, कबीर दास आदि को मानने वाली डॉ.आशा आजाद के लिए प्रेरणापुंज-अरुण कुमार निगम (दलित जी के पुत्र) हैं। आपका जीवन इस सार को धारण करता है कि साहित्य सृजन से यदि एक व्यक्ति भी पढ़कर लाभान्वित होता है तो, सृजन करना सार्थक है। देश और हिंदी भाषा के प्रति विचार-“हिंदी भाषा से श्रेष्ठ कोई भाषा नहीं है, यह बहुत ही सरलता से मनुष्य के हृदय में अपना स्थान बना लेती है। हिंदी भाषा की मृदुवाणी हृदय में अमृत घोल देती है। एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति की ओर प्रेम, स्नेह, अपनत्व का भाव स्वतः बना लेती है।”