कुल पृष्ठ दर्शन : 29

हृदय हर्षित, मन गर्वित

पद्मा अग्रवाल
बैंगलोर (कर्नाटक)
******************************

हृदय हर्षित, मन गर्वित है,
क्योंकि नवरात्र का आगमन हुआ है
अपने साथ लाया है भक्ति का उजियारा
माँ शैलपुत्री तुम्हारे चरणों में
सिर झुकाता है जग सारा।

लाल-लाल चूनर में सजी हैं माँ ब्रह्मचारिणी,
उनके मुख का तेज निराला है
सिंह की सवारी करने वाली माँ दुर्गा
इनकी शक्ति का रूप निराला है।

माँ चंद्रघंटा तुम्हारा श्रंगार अनूठा है,
घंटे की मधुर-मधुर ध्वनि चहुँओर गूँज रही
माँ कूष्मांडा के भवन में दीपों की लड़ियाँ सज रही,
स्कंदमाता के मंदिर-मंदिर ज्योत जल रही।

आज सबके मन में श्रद्धा के फूल खिल रहे,
कहीं पर गरबा की थाप पड़ रही
कहीं आरती के स्वर गूँज रहे,
कहीं भक्त माता के गीतों में झूम रहे।

मेरी माता कात्यायिनी तेरी महिमा है अपरंपार,
तेरा कालरात्रि रूप है दया का सागर
महागौरी माँ तेरी कृपा की छाँव मिले,
तो मेरा जीवन हो जाए सुंदर।

महिषासुर का मान मिटाकर,
तूने जग को राह दिखाई है
अधर्म पर धर्म की विजय का,
तुमने माँ अमर संदेश सुनाया है।

आओ माँ सिद्धिदात्री, इस बार धरा पर,
नवरात्रि पर ऐसा आशीष बरसाना
नफरत के अँधियारे हर कर,
माँ प्रेम-प्यार का दीप जलाओ।

हर नारी में शक्ति जगे,
हर मन में एक-दूजे का सम्मान जगे
निर्बल को बल मिल जाए,
सबके घर में, सबके मन में मुस्कान बसे।

नौ दिन की यह साधना,
नौ रूपों का पवित्र पावन गान
माता के चरणों पर अर्पित हो,
जीवन, श्रद्धा और सम्मान।

घर-घर गूँजे अम्बे की जय-जयकार,
हर संकट का अंत हो।
माँ दुर्गा का आशीर्वाद मिले,
सुखमय सारा संसार बने॥