कुल पृष्ठ दर्शन : 263

You are currently viewing बदलो जीवन चरित को

बदलो जीवन चरित को

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

बदलो जीवन चरित को, भर पौरुष सतरंग।
रखो भाव पावन हृदय, भारत भक्ति उमंग॥

बढ़ो अटल संकल्प पथ, बनो राष्ट्र पहचान।
परमारथ पौरुष सफल, परहित जीवन दान॥

आन-बान आदर वतन, बनो राष्ट्र वरदान।
राष्ट्र प्रथम मानो हृदय, राष्ट्र धर्म सम्मान॥

नश्वर सत्ता क्षणिक सुख, माने जीवन सार।
अहंकार के अनल में, जलने को तैयार॥

कठिन तपस्या ज्ञान की, श्रम आश्रित सुख त्याग।
अविरत नियमित साधना, अटल ध्येय अनुराग॥

तजो लोभ मद मोह को, भौतिक सुख संसार।
भजो मनुजता धर्म को, नीति प्रीति उपहार॥

बन सुपुत्र माँ भारती, चहुँ मुख राष्ट्र विकास।
रक्षित सीमा चहुँ वतन, शक्ति- भक्ति आभास॥

सार्वभौम भारत रहे, जनहित हो सरकार।
इत्र बनो विकसित वतन, भारत जय गुंजार॥

दुर्लभ जीवन मनुज का, करो सुपथ उपयोग।
रखो विपद सम्वेदना, मदद प्रेम क्षण रोग॥

समता-ममता दया रस, खिले अधर मुस्कान।
यश सुगन्धि फैले वतन, संविधान रसभान॥

मानवता सबसे बड़ा, रक्षण भारत धर्म।
अन्तर्मन समरस करुण, क्षमा शील हिय मर्म॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥