कुल पृष्ठ दर्शन : 224

You are currently viewing लगाएँ प्यार और इंसानियत के दीयों की कतार

लगाएँ प्यार और इंसानियत के दीयों की कतार

ललित गर्ग
दिल्ली
**************************************

दीपावली एक लौकिक पर्व है। यह आत्म-ज्योति जगाने एवं भीतर की दुनिया को उज्ज्वल बनाने का पर्व है, इसलिए दीपों की कतारें लगाकर केवल बाहरी अंधकार को ही नहीं, बल्कि भीतरी अंधकार को मिटाने के जतन करने होंगे। हम भीतर में धर्म का दीप जलाकर मोह और मूर्च्छा के अंधकार को दूर कर सकते हैं। भीतर की शुद्धि के अपने मायने हैं। हीलर क्रिस्टी मैरी शेल्डन कहती हैं, ‘जितना हम अपनी बुरी आदतों की सफाई करते हैं, उतना ही अच्छा महसूस करते हैं। भीतर की अच्छी ऊर्जा का प्रवाह हमारे आसपास पर भी अच्छा असर डालता है।’ इसी सोच के साथ हमें दीपावली को कोरा भौतिक ही नहीं, आध्यात्मिक स्वरूप देना होगा। ‘झोपड़ियों के अंधकार को मिटाने श्रीराम आएंगे’-गीत की पंक्तियों के अनुरूप घर-घर में श्रीराम की प्रतिष्ठा कर दीपावली को अर्थपूर्ण बनाएँ।
जीवन को अध्यात्म के दीपों से रोशनीमय बनाने के लिए जरूरी है कि, हम सबसे अधिक स्वयं से स्वयं का साक्षात्कार करें, जबकि अक्सर हम अपनी अनदेखी करते हैं। ऐसे में कभी-कभी खुद का हाल-चाल पूछना, फालतू विचारों और गिले-शिकवों की रद्दी को हटाकर दिल और दिमाग को हल्का और शांत करना खुद को नई शक्ति से भरपूर करना है। भीतर की शुद्धि का एक मतलब यह भी है कि, हम दूसरों को गलत ठहराने की जगह अपनी गलती ढूंढें। उसमें सुधार करें। लेखक एडमंड एमबाइका मानते हैं कि, ‘अपनी सफलता और खुशी के लिए केवल हम जिम्मेदार हैं, कोई और नहीं। अपने रोज के सही कामों से हम खुद को ही खुश करते हैं।’ इसलिए दीपावली एक शुरुआत है अच्छे बनने, अच्छा करने एवं अच्छा सोचने की।
दीपावली के मौके पर सभी आमतौर से अपने घरों की साफ-सफाई, साज-सज्जा और उसे संवारने-निखारने का प्रयास करते हैं। उसी प्रकार अगर भीतर चेतना के आँगन पर जमे कर्म के कचरे को बुहारकर साफ किया जाए, उसे संयम से सजाने-संवारने का प्रयास किया जाए और उसमें आत्मा रूपी दीपक की अखंड ज्योति को प्रज्वलित कर दिया जाए तो मनुष्य को शाश्वत सुख, शांति एवं आनंद प्राप्त हो सकता है। केवल बाहर की साफ-सफाई से काम नहीं चलता, भीतर के कोनों में जालों को भी हटाना होता है। कारण कि, गंदगी जितनी भी तहों के बीच क्यों ना दबी हो, देर-सवेर बाहर आती ही है। दीपावली जैसे शक्ति का असली उत्सव, अपने भीतर की बगिया में उग आई कंटीली झाड़ियों को हटाकर ही मनाया जा सकता है। कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप पूजा-पाठ करते हैं या नहीं, मंदिर जाते हैं या नहीं। मायने इस बात के हैं कि, आप खुद और दूसरों को क्या समझते हैं। इंसानियत के दर्शन को कितनी तवज्जो देते हैं। बौद्ध गुरु दलाई लामा कहते हैं, ‘मंदिर की जरूरत नहीं है, ना ही भारी-भरकम जटिल दर्शन की। मेरा दिल और दिमाग ही मेरे मंदिर हैं और करुणा मेरा दर्शन।’
दीपों की कतारें दीपावली का शाब्दिक अर्थ ही नहीं, वास्तविक अर्थ है। कतारों के लिए निरंतरता जरूरी है, और निरंतरता के लिए नपा-तुला क्रम। दीप जब कतार में होते हैं, तो आनंद का सूचक बन जाते हैं। जैसे कोई मूक उत्सव हो-जगर-मगर उजाले का। उजालों की पंक्तियाँ उल्लास का द्योतक हैं। दीप होते ही प्रेरक हैं। एक बाती, अंजुरी-भर तेल और राह-भर प्रकाश। जितना सादा दीपावली का दीपक होता है, उससे सादा कुछ नहीं हो सकता। माटी ने ज्यों पक-जमकर, बाती के बीज से ज्योत पल्लवित की हो। यह विजय पताका कार्तिक अमावस्या के अंधेरे को पूरी रात दूर रखती है। दीपावली की रात को हर दीप रोशनी की लहर बनाता है, उजालों के समन्दर में अपना योगदान देता है। ठीक ऐसा ही उजाला भीतर भी हो।
शेक्सपियर की चर्चित पंक्ति है- ‘अगर रोशनी पवित्रता का जीवन रक्त है तो विश्व को रोशनीमय कर दो, जगमगा दो और इसे जी-भरकर बाहुल्यता से प्राप्त करो।’ यह पंक्ति चाहे जिस संदर्भ में कही हो, पर इसका उद्देश्य निश्चित ही पवित्र था। अनेक अर्थों को लिए हुए यह उक्ति सचमुच में जीवन व्यवहार की स्पष्टता के अधिक नजदीक है। दीपावली का पर्व और उससे जुड़े रोशनी के दर्शन का भी यह उद्घोष है रोशनी। उत्सव का प्रतीक, खुशी के इज़हार करने का प्रतीक है, आत्मा को उजालने का द्योतक है, सफलता की प्रतीति है। अगर हम इस सोच को गहराई में डुबो लें तो ये सूक्तियाँ हमारे जीवन की रक्त धमनियाँ बन सकती हैं और उससे उत्तम व्यवहार की रश्मियाँ प्रस्फुटित हो सकती है। उन रश्मियों की निष्पत्तियों के स्वर होंगे-‘सदा दीपावली संत की आठों पहर आनन्द’, ‘घट-घट दीप जले’, ‘दीए की लौ सूरज से मिल जाए’।
दीपावली का सम्पूर्ण पर्व एक ऊर्जा है, एक शक्ति है, एक आत्मज्योति है, एक प्रकार की गति है। एक सत्य से दूसरे सत्य की ओर अनवरत, अनिरुद्ध गति ही दीपावली की जीवंतता है। जीवन के अनेक अनुभवों का समवाय है दीपावली। जीवन एक यात्रा है, सतत यात्रा। ठीक इसी तरह दीपावली भी एक यात्रा है, प्रस्थान है, कुछ नया पाने की, अनूठा करने की, भीतर संसार को समृद्ध बनाने की, इसलिए उजालों का स्वागत करें। दीपावली की रात भारत भूमि पर आसमान उतर आता है। ज्यों आकाश में तारे टिमटिमाते हैं, सो उस रात धरा पर दीए टिमटिमाते हैं। दीपावली पर रोशनी का परचम बुलंद किए हौंसलेमंद दीए ज्यों तम के सामने डट जाते हैं, वह एक कालजयी ऐलान है विजय का।
इस विजय को पाने एवं मोह का अंधकार भगाने के लिए धर्म का दीप जलाना होगा। जहाँ धर्म का सूर्य उदित हो गया, वहाँ का अंधकार टिक नहीं सकता।
समाज में उजाला फैलाने के लिए इंसान में इंसानियत होना जरूरी है। जिस तरह दीप से दीप जलता है, वैसे ही प्यार देने से प्यार बढ़ता है, और समाज में प्यार व इंसानियत रूपी उजालों की आज बहुत जरूरत है।
जीवन के हृास और विकास के संवादी सूत्र हैं-अंधकार और प्रकाश। अंधकार स्वभाव नहीं, विभाव है। वह प्रतीक है हमारी वैयक्तिक दुर्बलताओं का, अपाहिज सपनों और संकल्पों का। निराश, निष्क्रिय, निरुद्देश्य जीवन शैली का। स्वीकृत अर्थशून्य सोच का। जीवन मूल्यों के प्रति टूटती निष्ठा का। विधायक चिन्तन, कर्म और आचरण के अभाव का। अब तक उजालों ने ही मनुष्य को अंधेरों से मुक्ति दी है, इन्हीं उजालों के बल पर उसने ज्ञान को अनुभूत किया, अर्थात सिद्धांत को व्यावहारिक जीवन में उतारा। यही कारण है कि, उसकी हस्ती आज तक नहीं मिटी। उसकी दृष्टि में गुण कोरा ज्ञान नहीं है, गुण कोरा आचरण नहीं है। दोनों का समन्वय है। जिसकी कथनी और करनी में अंतर नहीं होता, वही समाज में आदर के योग बनता है।
हम उजालों की वास्तविक पहचान करें, अपने-आपको टटोलें, अपने भीतर के काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मत्सर आदि कषायों को दूर करें, और उसी मार्ग पर चलें जो मानवता का मार्ग है। हमें समझ लेना चाहिए कि, मनुष्य जीवन बहुत दुर्लभ है, वह बार-बार नहीं मिलता। समाज उसी को पूजता है, जो अपने लिए नहीं, दूसरों के लिए जीता है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने कहा है-‘परहित सरिस धरम नहीं भाई’। स्मरण रहे कि, यही उजालों को नमन है और यही उजाला हमारे जीवन की सार्थकता है। जो सच है, जो सही है उसे सिर्फ आँख मूंदकर मान नहीं लेना चाहिए। खुली आँखों से देखना एवं परखना भी चाहिए।