कुल पृष्ठ दर्शन : 107

सरकारी एवं निजी विद्यालयों में हिन्दी-माध्यम से ही पढ़ाई होने दी जाए

उ.प्र. के उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को केन्द्रीय हिन्दी समिति के सदस्य प्रो. गोस्वामी ने लिखा पत्र,जताया दु:ख

सेवा में,

दिनेश शर्मा,

उप मुख्यमंत्री और

शिक्षा मंत्री, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभाग,

नवीन भवन,उत्तर प्रदेश सचिवालय,

लखनऊ–226001 (उ.प्र.)

माननीय महोदय,

यह जान कर अत्यंत दु:ख हुआ कि,उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने प्रदेश के प्राथमिक और माध्यमिक सरकारी तथा सरकारी मान्यता-प्राप्त विद्यालयों में हिन्दी के स्थान पर अंग्रेज़ी को शिक्षा-माध्यम अपनाने के लिए निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में सरकार स्वयं भी अंग्रेज़ी माध्यम के सरकारी विद्यालय खोलने की योजना बना रही है। वस्तुत: ये कदम हिन्दी और भारतीय संस्कृति के लिए न केवल हानिकारक है,बल्कि घातक भी है। यह कैसी विडंबना है कि आज़ादी के ७० वर्ष बाद भी अंग्रेज़ी के प्रति हमारा मोह अभी भी नहीं छूटा है,जबकि हमारे देश भारत में अनेक भाषाएँ हैं जिनमें सौ से अधिक बड़ी भाषाएँ तो बोली,पढ़ी और लिखी जाती हैं। फिर पता नहीं,हम विदेशी भाषा अंग्रेज़ी पर क्यों निर्भर रहना चाहते हैं,जबकि हमारी भाषाएँ शिक्षा-माध्यम के रूप में पूरी तरह सक्षम और समर्थ हैं। शिक्षा जगत के न केवल विद्वानों ने,बल्कि कई महापुरुषों ने भी मातृभाषा को ही शिक्षा का उत्कृष्ट माध्यम माना है। हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हरिजन के ९ जुलाई १९३८ के अंक में स्वयं अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव बताते हुए मातृभाषा के महत्व और उपयोगिता को बताया था। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि मातृभाषा में विद्यार्थी को अपना विषय समझने में सरलता और सुगमता होती है। अपने विषय को सीखने और समझने की पकड़ अपनी मातृभाषा में बच्चे के लिए अधिक आसान और स्पष्ट तो होती ही है,साथ ही अध्यापक के लिए भी विषय को समझाना और पढ़ाना सरल हो जाता है। विदेशी भाषा में अपने विषय काफी समय तक समझ में नहीं आते और अगर आ भी जाते हैं तो आधे-अधूरे। अंग्रेज़ी जैसी भाषा को तो दिमाग में घुसेड़ना भी बहुत ही कष्टकारी होता है,क्योंकि वह जैसी लिखी जाती है,वैसी बोली नहीं जाती। इसकी वर्तनी (स्पेलिंग) और उच्चारण को ही सीखने में काफी समय लग जाता है। हमारा दुर्भाग्य है कि शिक्षा के प्रति हमारा दृष्टिकोण उपेक्षित,उदासीन और संवेदनहींन रहा है। हम यह नहीं जानते या जानने की कोशिश नहीं करते कि,मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने पर बच्चे में राष्ट्रवादी भावना,भारतीय संस्कृति और जीवनादर्श के संस्कार बचपन से ही पैदा हो जाते हैं।

सन् १८३५ में ब्रिटिश सलाहकार मैकाले ने भारत में जिस शिक्षा व्यवस्था को लागू किया था,वह भारतीय संस्कृति और परम्परा को खत्म करने की साजिश थी,लेकिन हमने आज तक उसके आशय को नहीं समझा और इसी लिए उस शिक्षा अवस्था से आगे बढ़ने की कोशिश ही नहीं की। मैकाले को न तो भारतीय संस्कृति का ज्ञान था और न ही किसी भारतीय भाषा का। साथ ही,वह तो भारतीय संस्कृति को भारत से खत्म करना चाहता था। वह भारत को अंग्रेज़ी साम्राज्य का एक उपनिवेश या कालोनी के रूप में मानता था। इसलिए,उसने अपनी साम्राज्यवादी शक्ति का प्रयोग करते हुए तत्कालीन भारत पर अंग्रेज़ी को थोपा,क्योंकि वह अपनी मातृभाषा अंग्रेज़ी को विश्व की भाषाओं में सर्वाधिक उत्कृष्ट और समृद्ध मानता था,और इसी से वह हमारी सामाजिक-सांस्कृतिक अस्मिता को खत्म करना चाहता था। भारत सरकार द्वारा गठित शिक्षा आयोगों ने भी शिक्षाशास्त्रीय दृष्टि से समय-समय पर यही कहा है कि विद्यारंभ करने वाले विद्यार्थी के लिए उसकी मातृभाषा ही सर्वाधिक उपयुक्त माध्यम है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति २०१९ में शिक्षा का प्रारूप भारत,भारतीयता और भारतीय को केंद्र में रख कर तैयार किया गया है। भारत और भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए हमारे देश के भारतीय संस्कृति के महान उपासक,मनीषी तथा चिंतक और तत्कालीन भारतीय जन संघ (इस समय भारतीय जनता पार्टी के नाम से प्रसिद्ध) के अध्यक्ष पं दीनदयाल उपाध्याय ने २३ अक्तूबर १९६१ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अंग्रेज़ी राष्ट्रीय चेतना की घातक है और इससे भारतीय लोग भारत की आत्मा को पहचान नहीं पाएँगे। उन्होंने मद्रास(संप्रति चेन्नै) साक्षात्कार में भी कहा था जो २६ जनवरी १९६५ के ऑर्गेनाइजर समाचार-पत्र में प्रकाशित हुआ था कि अंग्रेज़ी में एक ऐसा विदेशी तत्त्व है जो ब्रिटिश राज्य में भारत की एकता में एक कृत्रिम और नकारात्मक भूमिका निभा रहा था जबकि सकारात्मक और रचनात्मक एकता तो केवल अपनी भाषा से ही संभव है।

इस बात का भी मैं उल्लेख करना चाहूँगा कि,पिछली शताब्दी के पाँचवें दशक में मैं प्राथमिक कक्षाओं का विद्यार्थी था और उस समय अंग्रेज़ी पाँचवीं कक्षा से प्रारंभ होती थी। क्या हमारी शिक्षा आज की शिक्षा से अच्छी नहीं थी ? उस समय की शिक्षा का स्तर आज की शिक्षा से कई गुना बेहतर था। एक अध्यापक और शिक्षाविद होने के नाते मैं यह दावा निजी अनुभवों के आधार पर कह रहा हूँ।

हम लोग इस भ्रम में हैं कि अंग्रेज़ी में पढ़ने वाले बच्चे अधिक मेधावी और कुशल होते हैं ? ऐसा कदापि नहीं है। यह केवल भुलावा और छलावा है कि अंग्रेज़ी से बच्चा होशियार और चुस्त या स्मार्ट हो जाता है। अगर सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को वैज्ञानिक दृष्टि से सुधारने का प्रयास किया जाए,विद्यालयों को आधुनिक सुविधाएँ दी जाएँ और उनके अध्यापक ईमानदारी तथा मेहनत से शिक्षण-कार्य कराएँ तो कोई वजह नहीं कि ये विद्यालय भी अंग्रेज़ी के बिना भी शिक्षा के उच्च स्तर पर पहुँच सकते हैं। फ़िनलैंड,स्वीडन,अमेरिका,आस्ट्रेलिया आदि अनेक देशों के उदाहरण हमारे सामने हैं। इस प्रयास में हिन्दी का योगदान उल्लेखनीय होगा और सरकारी और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का मानसिक विकास तो होगा ही,वह अपने देश के समाज,संस्कृति,परम्परा और जीवन-शैली से भी अवगत होगा। बचपन में पड़े संस्कार प्राय: जीवन-पर्यंत विद्यमान रहते हैं। मातृभाषा में शिक्षा ग्रहण करने से बच्चा न तो नकलची बनता है और न ही रटंतू। वह अपने आने वाले जीवन में कुशल और मेधावी नागरिक बनेगा।

अत: आपसे निवेदन है कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाए और प्राथमिक एवं माध्यमिक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में हिन्दी-माध्यम से ही पढ़ाई होने दी जाए। इससे हिन्दी और भारतीय भाषाओं के साथ-साथ शिक्षा का तो विकास होगा ही,साथ में भारतीय सभ्यता और संस्कृति का संरक्षण एवं अनुरक्षण भी होगा और छात्र सच्चा भारतीय और राष्ट्रभक्त बन कर उभरे गा। यही तो है शिक्षा का मुख्य उद्देश्य।

प्रो. कृष्ण कुमार गोस्वामी

सदस्य,केन्द्रीय हिन्दी समिति,भारत सरकार

(सौजन्य: वैश्विक हिंदी सम्मेलन,मुंबई)

Leave a Reply