कुल पृष्ठ दर्शन : 229

साहित्यिक तरंग से ओत-प्रोत रहा ई-विश्व कवि सम्मेलन

टोरोंटो(कनाडा)।

दीपावली व गोवर्द्धन पूजा के अवसर पर १५ नवम्बर को अखिल विश्व हिन्दी समिति(टोरोंटो) का ‘ई-विश्व कवि सम्मेलन’ पूर्ण भव्यता,साहित्यिक तरंग व आध्यात्मिक संवेदन के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी समिति(नई दिल्ली) के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. दाऊजी गुप्ता(लखनऊ) ने की। भारतीय कोंसलावास टोरोंटो की कोंसलाधीश अपूर्वा श्रीवास्तव मुख्य अतिथि थीं।
यह कार्यक्रम कनाडा की हिंदी साहित्य सभा, विश्व हिंदी संस्थान,न्यूयार्क की ‘अखिल विश्व हिंदी समिति’,भारत की ‘अंतर्राष्ट्रीय हिंदी समिति’ व भारतीय प्रधान कोंसलावास (टोरोंटो) के साहचर्य में हुआ। प्रात: १० से अपरान्ह १:३० तक (भारतीय समय शाम ८:३० से मध्यरात्रि १२ बजे तक) आयोजित इस सम्मेलन का आयोजन व संचालन अखिल विश्व हिन्दी समिति(टोरोंटो) के अध्यक्ष गोपाल बघेल ‘मधु’ ने किया। शुभारम्भ श्री बघेल ‘मधु’ ने ‘शान्ताकारं भुजगशयनं…,‘यं ब्रह्मा वरुणेन्द्ररुद्रमरुत:..’ श्लोकों व डॉ. रजनी शर्मा (राँची) की सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि अपूर्वा श्रीवास्तव के ई-मंच पर आने के बाद संचालक ने उन्हें सभी साहित्यकारों से परिचित कराया। प्रमुख साहित्यकारों ने भारतीय कोंसलाधीश का स्वागत किया व अपने उद्गार प्रकट किए। भारतीय कोंसलाधीश ने कनाडा में साहित्यिक व सांस्कृतिक परिवेश इत्यादि के विषय में जानकारी साँझा की,एवं सभा को संबोधित किया। आपने संयोजक श्री बघेल ‘मधु’ व अन्य सभी सहयोगी संस्थाओं एवं साहित्यकारों के अनवरत प्रयासों को सराहा व कोंसलावास की और से हिन्दी के विकास व उन्नयन के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। तत्पश्चात श्री बघेल ने कविवर तुलसीदास जी के भजन ‘श्री रामचन्द्र कृपालु भजुमन..’ सस्वर सुनाते हुए ई-विश्व कवि सम्मेलन को प्रारम्भ किया। फिर कवि-कवियित्रियों ने अपनी रचनाओं का मनोहारी पाठ व गायन किया।
सम्मेलन को डॉ. दाऊजी गुप्ता,डॉ. श्रीभगवान शर्मा (आगरा),डॉ. विजय मेहता (न्यूयॉर्क),राकेश खंडेलवाल (वाशिंगटन डी सी),डॉ. पद्मेश गुप्ता (यूके),अमित शर्मा (नोयडा),श्रीमती मीना चोपड़ा, डॉ. भारतेन्दु श्रीवास्तव (टोरोंटो),अनिल पुरोहित, प्रो. सरन घई,श्री बघेल ‘मधु’ इत्यादि ने सम्बोधित किया व रचनाएँ सुनाईं।
काव्य पाठ करने वाले अन्य प्रमुख कविगण सर्वश्री भगवतशरण श्रीवास्तव,आचार्य संदीप त्यागी,चन्द्र प्रकाश दायमा (हैदराबाद),अनिल शर्मा (आगरा), चन्द्र कुमार सिंह, श्रीमती राज कश्यप,श्यामा सिंह, डॉ. साधना जोशी,ऋचा बघेल,डॉ. रंजना शर्मा और विनीता तिवारी (वाशिंगटन डी सी) इत्यादि रहे ।
श्री बघेल ने बताया कि, सम्मेलन में सभी प्रस्तुतियाँ एक से एक आकर्षक थीं,पर श्रीमती तिवारी का तरन्नुम में गायन,श्रीमती विशाखा ठाकुर का हृदय स्पर्शी रचना पाठ, अमित शर्मा का भाव भरा काव्य पाठ व श्री दायमा का भक्ति भाव विशेष मन मोहक लगा।
डॉ. दाऊजी गुप्ता का संबोधन हमेशा की तरह हृदयों को आल्ह्वादित व आनन्दित करने वाला था। डॉ. श्रीभगवान शर्मा एवं डॉ. मेहता ने आयोजन की गरिमापूर्ण प्रस्तुति के लिए आयोजक व संचालक श्री बघेल को धन्यवाद दिया व उनकी सेवाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। आयोजकों की ओर से सभी का आभार प्रकट किया गया।

Leave a Reply