कुल पृष्ठ दर्शन : 308

You are currently viewing प्यार का बन्धन

प्यार का बन्धन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*******************************

लिखता खत मैं मधुमास सजन,
अभिलाष हृदय अहसास समझ।
कर सात जनम कसमें-वादे,
प्यार का बंधन अरदास समझ।

मधुरिम रिमझिम श्रावण पावस,
दिलदार प्रियम गुलज़ार समझ।
भींगी पलकें मृगनैन नशा,
बन्धन-ए-मुहब्बत धार समझ।

निशिचन्द्र चारु अभिसार हृदय,
माधुर्य पयोधर साज समझ।
बहुरंग तरंग हृदय सरिता,
निश्छल बन्धन हिय प्यार समझ।

प्यार का बन्धन सखी अन्तर्मन,
गलहार चारु दिलशाद समझ।
अरुणाभ प्यार मंजिल स्वप्निल,
गुल्फ़ाम गन्ध सुखसार समझ।

है नींव प्रीत मज़बूत महल,
नित चपल नैन उद्गार समझ।
कटिबन्ध चारु तन्वी काया,
दिलवर कशिश इज़हार समझ।

सुनीति प्रीति खूबसूरत पथ,
उन्मुक्त व्योम उड़ान समझ।
हम बंधे मुहब्बत बन्धन में,
एक नयी इबादत आज समझ।

पतझड़ जीवन मुखहास बिना,
सजनी वियोग अवसाद समझ।
निष्प्राण गात्र तुम बिन साजन,
प्यार का बन्धन बहार समझ॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥

Leave a Reply