कमलेकर नागेश्वर राव ‘कमल’,
हैदराबाद (तेलंगाना)
*************************************************
‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ का पावन मंत्र जहां गूंजता,
वसुधा के हर प्राणी में जो ईश रूप को पूजता।
वही पुरातन संस्कार, फिर नभ की छाती पर चमका,
जब संकट में घिरे गगन पर भारत का गौरव दमका।
एक सौ चौहत्तर प्राण हवा में डोल रहे थे अम्बर पर,
छल की खूनी छुरी तनी थी पायलट स्मिथ के सीने पर।
घावों से बहती धारा थी, सम्मुख खड़ी कजा भी थी,
किंतु तिरंगे के मानस में कर्तव्य-निष्ठा जगी हुई थी।
लहू बहा पर झुका नहीं वह, सीक्रेट ताले खोल दिए,
विपदा के मुँह मोड़ दिए और मौत के धागे खोल दिए।
एक पल का भी ढीलापन यदि उस क्षण भारी पड़ जाता,
अंगारों की लपटों में फिर भूमंडल भी जल जाता।
यह केवल नभ की रक्षा का अद्भुत अमर विधान न था,
टला विश्व-रण का दावानल, केवल एक कमान न था।
इतिहासों के पृष्ठ गवाही पारसियों की देते हैं,
यहूदियों के आँसू पोंछे, हम जग का दुख हर लेते हैं।
महामारी में अमृत बांटा, भूकंपों में हाथ दिया,
जिसने आँख तरेरी, उसको भी जीवन का वरदान दिया।
अरी कौम के मंसूबों पर स्मिथ का साहस भारी था,
भारत माँ के लाल का यह कौशल अति चमत्कारी था।
नत-मस्तक है आज समूचा जग जिसके पुरुषार्थ पर,
भारत का सिर ऊँचा कर जो डटा रहा निज पथ पर।
‘कमल’ गा रहा अमर गाथा इस अनुपम बलिदान की,
विश्व शांति का रक्षक बनकर शान बढ़ाई हिंदुस्तान की॥
परिचय – कवि व अनुवादक कमलेकर नागेश्वर राव का साहित्यिक उपनाम ‘कमल’ है। आप सरकारी अध्यापक (हिंदी) ने रूप में जिला नागर कर्नूल के वेल्दंडा में कार्यरत हैं। तेलंगाना राज्य के रंगा रेड्डी जिले में निवासरत ‘कमल’ की तेलुगू और हिंदी के समाचार पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ व विशेष आलेख प्रकाशित होते रहते हैं। इनको श्री श्री कला वेदिका राजमंड्री वालों से ‘साहिती मित्रा’ पुरस्कार, आदित्य संस्कृति (मप्र) से ‘हिंदी सेवी’ तथा डाॅ.सीता किशोर खरे स्मारक साहित्य पुरस्कार आदि मिले हैं।