कुल पृष्ठ दर्शन : 190

You are currently viewing माँ मीरा काव्यांगन में हुई ‘छंदशाला’ की काव्यगोष्ठी

माँ मीरा काव्यांगन में हुई ‘छंदशाला’ की काव्यगोष्ठी

पटना (बिहार)।

अभा काव्य मंच ‘छंदशाला’ के तत्वावधान में न्यू जक्कनपुर स्थित विख्यात कवि राश दादा राश के आवास पर ‘माँ मीरा काव्यांगन’ में काव्य संध्या का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता बिहार सरकार के अवकाश प्राप्त विशेष सचिव मानस मर्मज्ञ कवि डॉ. उपेन्द्र नाथ पांडेय ने की।
आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए सुप्रसिद्ध साहित्यकार राश ने कहा कि यह ‘माँ मीरा काव्यांगन’ आपके स्वागत में सदैव तत्पर रहेगा। काव्य संध्या की शुरूआत धनबाद से छन्द मर्मज्ञा कवयित्री प्रियदर्शिनी पुष्पा ने प्रतिनिधि छांदस प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। चर्चित कवयित्री डॉ. सुमन लता ने छंदबद्ध कविता का पाठ कर परिवेश को काव्यमय बना दिया।
ग़ज़लगो डॉ. रूबी भूषण, अरुण कुमार तथा कवि सिद्धेश्वर ने अपनी-अपनी बानगी से माहौल को खुशनुमा कर दिया। चर्चित गीतकार अभिलाषा सिंह ने पेड़ों के समर्थन में रचित चेतना की कविता का सस्वर पाठ कर उपस्थित श्रोताओं का दिल जीता, वहीं मधुबनी से कवयित्री रंजना लता ने ग़ज़ल की प्रस्तुति से वाहवाही लूटी। विशिष्ट अतिथि गया से विद्वान कवि कुमार कान्त ने अपने काव्य पाठ से काव्य संध्या को ऊँचाइयाँ दी। नंद कुमार, विशिष्ट अतिथि कवि एम.के. मधु व डॉ. प्रो. सुधा सिन्हा ने भी अपने सस्वर काव्य पाठ से सुधी श्रोताओं का खूब मनोरंजन किया। मंच संचालन आचार्य विजय गुंजन व चर्चित कवि सुनील कुमार दुबे ने किया। राश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।